आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। जिले के बरेला थाना अंतर्गत ग्राम बम्हनी में पुराने विवाद और मूर्ति स्थापना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दो नेताओं के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने जनपद सदस्य रामेश्वर साहू और उनके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में उपजे भारी आक्रोश के चलते शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित पक्ष के लोग पूर्व जनपद अध्यक्ष संजय पटेल के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे बरेला थाने का घेराव और चक्काजाम करेंगे।   

गौरतलब है कि 23 अक्टूबर की रात बरेला थाना अंतर्गत ग्राम बम्हनी तिराहे पर स्थित प्रदीप साहू की किराना दुकान पर विवाद हो गया था। आरोपियों ने वहां जमकर गाली-गलौज की और डंडों तथा धारदार हथियारों से प्रदीप साहू के परिवार (पिंकी साहू, संध्या साहू, जगदीश साहू) पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल पर भी चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे दोनों पक्षों के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों में जनपद सदस्य रामेश्वर साहू अपने तीन भाइयों (प्रहलाद साहू, लखन साहू, दिनेश साहू) और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे थे। पुलिस ने धारा- 109(1), 118(1), 296(b), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस) में प्रकरण दर्ज किया है।

विवाद के पीछे मुख्य कारण
मूर्ति स्थापना का विवाद बताया जा रहा है। गांव में पिछले 50 वर्षों से स्थानीय लोगों द्वारा माता रानी की प्रतिमा स्थापित की जाती है, जबकि पिछले 4-5 वर्षों से रामेश्वर साहू 51 फीट की काली जी की प्रतिमा स्थापित कर रहे हैं। इस वर्ष युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल व ग्रामीणों द्वारा उसके पास ही दुर्गा जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने और चंदे व समिति को लेकर तनातनी चल रही थी। फिलहाल पुलिस ने मामला विवेचना में लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।