आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 नवंबर को जबलपुर आगमन और  पदयात्रा कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस एवं जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू की है। पदयात्रा के दौरान शहर के मुख्य बाजारों में यातायात सुचारू और सुरक्षित रखने के लिए कई मार्गों को 'रेड जोन' घोषित करते हुए डायवर्जन किया गया है।प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों और फ्लाईओवर का अधिक से अधिक उपयोग करें।
​

दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा 'रेड जोन' 
​पदयात्रा मार्ग पर दोपहर 12 बजे से शाम 06 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों (दोपहिया, तिपहिया, ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया) की आवाजाही पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
​प्रतिबंधित मार्ग (रेड जोन): गोल बाजार से प्रारंभ होकर श्याम टॉकीज तिराहा, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, भार्गव चौक, तुलाराम चौक, करमचंद चौक से मालवीय चौक तक। गोल बाजार क्षेत्र के आसपास भी किसी प्रकार के वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा।

​वैकल्पिक एवं डायवर्जन मार्ग
​दमोह नाका की ओर से आने वाले वाहन: गोल बाजार व बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। ये वाहन बलदेवबाग से उखरी की ओर से होकर जाएंगे।
​गोहलपुर की ओर से आने वाले वाहन: फ्लाईओवर का उपयोग करते हुए मदन महल, सुहागन आभूषण होते हुए तीनपत्ती चौक से शहर की तरफ जा सकेंगे।
​हाईकोर्ट चौक की ओर से आने वाले वाहन: घंटाघर चौक, तैयबअली चौक, तीनपत्ती चौक होते हुए रानीताल की ओर जा सकेंगे।
​

छोटी लाइन / ब्लूम चौक की ओर से आने वाले वाहन: तीनपत्ती तिराहा से यातायात थाना तिराहा होकर फ्लाईओवर के ऊपर से जा सकेंगे। मदनमहल की तरफ से आने वाला ट्रैफिक गेट नंबर 4 से डायवर्ट रहेगा। तीनपत्ती से ज्योति टॉकीज होते हुए तैयबअली चौक की ओर से शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
​लोकेशन-वार लोडिंग प्रतिबंध: बलदेवबाग से पांडे चौक और बलदेवबाग से रानीताल चौक तक दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों के आवागमन व लोडिंग-अनलोडिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी।

​पार्किंग व्यवस्था-
​बसों के लिए पार्किंग: कार्यक्रम में शामिल होने वाली सभी बसों के लिए पार्किंग स्थल रानीताल स्टेडियम खेल परिसर तय किया गया है। पाटन, कटंगी, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, सिहोरा, डिंडौरी और मंडला मार्ग से आने वाली सभी बसें बलदेवबाग और आगा चौक होते हुए रानीताल चौक पर यात्रियों को उतारेंगी और यू-टर्न लेकर स्टेडियम में पार्क होंगी। (कार्यक्रम समाप्ति के बाद बसें इसी मार्ग से लौटेंगी।)
​दोपहिया वाहन: महाकौशल स्कूल और अंजुमन इस्लामिया स्कूल।
​चार पहिया वाहन (कार आदि): एम.एल.बी. स्कूल (MLV School) और डी.एन. जैन स्कूल।
​प्रशासन की अपील: संस्कारधानी वासियों से अनुरोध है कि पदयात्रा के समय यातायात नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।