आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर में राह चलती महिलाओं को निशाना बनाने वाले चेन स्नेचरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला जबलपुर-मंडला रोड का है, जहां एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने के पेंडेंट की झपटमारी की घटना को अंजाम दिया है।   

मामले की जानकारी देते हुए  बरेला थाना प्रभारी ने बताया कि उदयपुर की रहने वाली संगीता झारिया जबलपुर से मंडला जा रही थीं। शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच, जब वह नागाघाटी के पास मंगलायतन यूनिवर्सिटी के सामने पहुंचीं, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां आए। बाइक पर सबसे पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से सोने की चेन खींचने की कोशिश की।   

खींचातानी में पूरी चेन तो बदमाशों के हाथ नहीं लगी, लेकिन चेन में लगा हुआ सोने का पेंडेंट टूटकर आरोपी के हाथ में आ गया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश शारदा मंदिर होते हुए जबलपुर शहर की तरफ तेजी से फरार हो गए।  
पीड़िता संगीता झारिया द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, स्नैचिंग हुए सोने के पेंडेंट की अनुमानित कीमत लगभग ₹25,000 बताई जा रही है।   

नवरात्रि के दौरान भी हुई थी ऐसी ही वारदात
पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व नवरात्रि के दौरान भी बरेला बाजार इलाके में दर्शन के लिए जा रही एक महिला के साथ ऐसी ही झपटमारी की घटना हुई थी, जिसमें भी बदमाशों ने पेंडेंट पर हाथ साफ किया था। उस घटना की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज पुलिस के पास मौजूद है, जिसमें संदिग्ध आरोपियों की तस्वीर सामने आई है।   

पुलिस जांच जारी, गैंग के सक्रिय होने की आशंका
पुलिस का कहना है कि आज हुई घटना के रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोनों घटनाओं के फुटेज का मिलान किया जाएगा ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गैंग या आरोपी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।