आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत भवन में काम कर रहे हल्का पटवारी को धमकाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित पटवारी ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पटवारी विष्णु सिंह धुर्वे जो कि सिंगलदीप में पदस्थ हैं। 8 सितंबर की दोपहर पंचायत भवन सिंगलदीप में बैठकर शासकीय कार्य निपटा रहे थे। उसी दौरान सुनील उपाध्याय नामक व्यक्ति अचानक दफ्तर के अंदर दाखिल हुआ। शिकायत में पटवारी विष्णु सिंह धुर्वे ने बताया कि सुनील उपाध्याय ने ग्राम पंचायत भवन में नक्शा काटने (संशोधित करने) की बात को लेकर बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाने लगा। यह घटनाक्रम करीब आधे घंटे तक चलता रहा। जिसके बाद पंचायत भवन में मौजूद किसानों ने अपनी सुरक्षा में पटवारी को वहां से निकाला। जिसके बाद पीड़ित पटवारी ने पनागर पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
पनागर थाना प्रभारी ने बताया कि पटवारी विष्णु सिंह धुर्वे द्वारा थाना पनागर में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में उल्लेख था कि जब वे पंचायत भवन में शासकीय कार्य कर रहे थे, तभी सुनील उपाध्याय वहां आए और नक्शा काटने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। पीड़ित पटवारी के आवेदन के आधार पर आरोपी सुनील उपाध्याय के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने (353 IPC / संबंधित धाराओं) एवं मारपीट का अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)