आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। जिले के पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम छतरपुर के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पैदल घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छतरपुर बिछुआ निवासी रवि शंकर सेन ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई भगवानदास सेन, जो सैलून का काम करता था, मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे ग्राम छतरपुर से पैदल बिछुआ की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर चालक ने उसे भीषण टक्कर मार दी।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भगवानदास के सीने और चेहरे पर बेहद गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामला दर्ज, आरोपी चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।