आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर में अवैध कच्ची शराब के काले कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रांझी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बापू नगर क्षेत्र में पुलिस की टीम ने अचानक दबिश देकर अवैध शराब की भट्ठी का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़कर उनके कब्जे से 11 लीटर महुआ शराब जब्त की, साथ ही जमीन में गाड़कर रखी गई टंकियों से करीब 2500 लीटर लहान मौके पर ही नष्ट कर दिया।
जमीन में छिपा रखी थीं 5 टंकियां
नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) रांझी सतीश साहू के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम को बापू नगर में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाने और बेचने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने चिन्हित ठिकानों पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के घर के पीछे जमीन में गाड़कर रखी गईं 5 बड़ी टंकियां मिलीं। इन टंकियों में करीब 2500 लीटर महुआ-गुड़ का लहान सड़ने के लिए रखा गया था, जिससे शराब तैयार की जानी थी। पुलिस ने मौके पर ही इस लहान को बहाकर शराब निर्माण के पूरे सेटअप को ध्वस्त कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया:
राहुल बाबू सोनकर (28 वर्ष), पिता स्व. गंगाराम सोनकर, निवासी बापू नगर, रांझी
प्रेम शंकर सोनकर (19 वर्ष), पिता संजू सोनकर, निवासी बापू नगर, रांझी
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,100 कीमत की 11 लीटर कच्ची देसी महुआ शराब बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Continue With Google
Comments (0)