आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले व्यस्ततम सदर बाजार और आसपास की रहवासी कालोनियों में सीवर चेंबर के ढक्कन चुराकर पुलिस व प्रशासन को चुनौती देने वाले चोर गिरोह पर आखिरकार शिकंजा कस गया है। ऑटो रिक्शा में सवार होकर कीमती स्टील और लोहे के चेंबर ढक्कन चुराने वाले संदिग्धों को मंगलवार रात स्थानीय नागरिकों और राहगीरों की मुस्तैदी से रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
रात 11:30 बजे राहगीरों ने घेराबंदी कर दबोचा
अधिवक्ता प्रणव अवस्थी ने बताया कि मंगलवार रात लगभग 11:30 बजे सदर स्थित कन्या माध्यमिक स्कूल के सामने राहगीरों की नजर ऑटो सवार चोरों पर पड़ी। स्थानीय निवासी विशाल गुप्ता ने मुस्तैदी दिखाते हुए कॉलोनी से लगातार चेंबर चोरी कर रहे ऑटो चालक को मौके पर ही धर दबोचा। इसके बाद विशाल ने तुरंत उन्हें एपीआर कॉलोनी के अध्यक्ष होने के नाते मुझे सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, दोनों संदिग्ध हिरासत में
सूचना मिलते ही प्रणव अवस्थी और आशीष शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और कैंट थाना प्रभारी को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के ऑटो रिक्शा से चोरी की गई सीवर चेंबर की लोहे/स्टील की जालियां भी बरामद हुई हैं।
सीसीटीवी से सामने आई थी करतूत, बना था हादसों का खतरा
गौरतलब है कि बीते दिनों ऑटो सवार चोरों द्वारा नालियों और सीवर चेंबरों पर लगाए गए ढक्कन उखाड़कर भागने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। इस चोरी से न सिर्फ कैंट बोर्ड को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था, बल्कि बिना ढक्कन के खुले पड़े चेंबर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे थे। रात के समय दुर्घटनाओं का जोखिम बना हुआ था, जिसको लेकर निवासियों में भारी आक्रोश था।
पुलिस और कैंट बोर्ड की कार्रवाई जारी
चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर कैंट बोर्ड प्रशासन ने भी पूर्व में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने बरामद माल और ऑटो रिक्शा को जब्त कर लिया है और पकड़े गए संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है।
Continue With Google
Comments (0)