आर्य समय संवाददाता, बरेला। कलेक्टर के आदेशानुसार उप तहसील बरेला के अंतर्गत ग्राम पड़वार में कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया को गति देने के लिए एक विशेष रात्रि कालीन शिविर (चौपाल) का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनके घर-परिवार और कृषि कार्यों से समय मिलने के बाद सुगमता से फार्मर आईडी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान ग्राम कोटवार ने घर-घर जाकर किसानों को चौपाल में उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद बड़ी संख्या में कृषकों ने पहुंचकर अपनी फार्मर आईडी बनवाई और ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराई।

वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

चौपाल में प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित रहकर किसानों का मार्गदर्शन किया। शिविर में मुख्य रूप से राजेश मिश्रा (अतिरिक्त तहसीलदार, बरेला),सुधीर सोनी (राजस्व निरीक्षक, बरेला),अनिल राज (हल्का पटवारी, पड़वार),अजय सोनी (मंडल उपाध्यक्ष),अश्विनी मोनी सराफ (सरपंच, ग्राम पंचायत पड़वार) मौजूद रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत के पंचगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कृषक उपस्थित रहे।

ग्रामीणों एवं सरपंच ने जताया आभार

दिन के समय खेतों व अन्य कार्यों में व्यस्त रहने वाले किसानों के लिए रात्रि कालीन शिविर का आयोजन अत्यंत सुविधाजनक साबित हुआ। ग्राम सरपंच एवं उपस्थित ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के इस जनहितैषी कार्य की खुले दिल से सराहना की और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।