आर्य समय संवाददाता, कुण्डम/बघराजी (जबलपुर)। दीपावली त्यौहार के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध पटाखों तथा खतरनाक 'कार्बाइड गन' (विस्फोटक संशोधित पटाखे) की बिक्री व निर्माण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया है। इसी कड़ी में थाना कुण्डम के अंतर्गत चौकी बघराजी पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध कार्बाइड गन, रासायनिक सामग्री और इसे बनाने के उपकरण जब्त कर दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है।
10 कार्बाइड गन, 11.5 किलो कार्बाइड व निर्माण उपकरण बरामद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बघराजी निवासी दसरथ बड़गैया (उम्र 56 वर्ष, पिता श्रीराम बड़गैया) के कब्जे से 10 नग अवैध कार्बाइड गन, 11 किलो 500 ग्राम खतरनाक कार्बाइड तथा गन बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण जब्त किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया है कि वह यह कार्बाइड जबलपुर में 'लाठिया वाले' के यहाँ से लाता था। आरोपी को पकड़कर वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस चौकी बघराजी (थाना कुण्डम) में प्रस्तुत किया गया है।
दुकान में कार्बाइड गन बेचते दूसरा आरोपी भी धराया
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने चित्रांश साहू (उम्र 29 वर्ष, पिता राजेश साहू, निवासी बघराजी) को अपनी दुकान में अवैध रूप से 4 नग कार्बाइड गन बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उसके कब्जे से चारों गन जब्त कर आरोपी के खिलाफ कुण्डम थाना व बघराजी चौकी में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर आदेश का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर जबलपुर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत लोहा, स्टील या पीवीसी पाइप में ज्वलनशील/विस्फोटक पदार्थ भरकर अत्यधिक तेज आवाज उत्पन्न करने वाले संशोधित पटाखों (कार्बाइड गन) की बिक्री, वितरण और प्रदर्शन को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। इस प्रकार के अवैध उपकरणों से आंखों व चेहरे को गंभीर चोट पहुँचने का खतरा बना रहता है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में ASI संतोष पाण्डेय, ASI मोहन तिवारी,प्रधान आरक्षक (HC) मोहन सिंह, प्रधान आरक्षक (HC) हितेंद्र, आरक्षक (C) रितेश,आरक्षक (C) पंकज सिंह, आरक्षक (C) संतोष शाह, आरक्षक (C) विमल विश्वकर्मा, आरक्षक (C) इन्द्रजीत यादव अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)