आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिले के भेड़ाघाट थाना अंतर्गत चौकीताल क्षेत्र में एक दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सुरेन्द्र चौधरी नामक युवक ने घर में अकेले होने पर हंसिया से अपनी गर्दन काट ली। गंभीर हालत में परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाए जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेन्द्र चौधरी चौकीताल क्षेत्र का रहने वाला था। पिछले करीब 15 दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था और उसने अपने परिवार के सदस्यों से बातचीत करना भी पूरी तरह बंद कर दिया था। बीती शाम करीब 5 बजे जब घर पर कोई नहीं था, तब सुरेन्द्र ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। उसने हंसिया से खुद पर हमला कर अपनी गर्दन काट ली।
परिजनों ने खून से लथपथ देखा
देर शाम जब परिजन घर लौटे, तो उन्होंने सुरेन्द्र को खून से लथपथ और बेहोश हालत में पाया। उसकी गर्दन पर गंभीर घाव था। यह नजारा देख परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पड़ोसियों और परिजनों की मदद से सुरेन्द्र को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद रात करीब 12 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)