आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारवान, संवेदनशील और अच्छा इंसान बनाना भी उसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसी भावना को साकार करते हुए ब्रेन डिस्कवरी ग्लोबल स्कूल ने श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर विद्यार्थियों को गुरुद्वारे ले जाकर मानवता, प्रेम, समानता और निःस्वार्थ सेवा के संस्कारों से परिचित कराने की अनूठी पहल की।
सैंक्चुअरी एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रेम नगर स्थित गुरुद्वारा दशमेश द्वार साहिब पहुंचकर श्रद्धापूर्वक श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के दर्शन किए। बच्चों ने पाठ एवं अरदास में सहभागिता की और श्रद्धा भाव से लंगर ग्रहण किया। गुरुद्वारे का पवित्र एवं सेवाभावी वातावरण बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव बना।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को श्री गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं से परिचित कराते हुए “एक ओंकार” का संदेश समझाया गया, जो सम्पूर्ण मानवता की एकता का प्रतीक है। गुरु नानक देव जी ने प्रेम, समानता, सत्य, ईमानदारी से परिश्रम तथा निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया। बच्चों को बताया गया कि सभी मनुष्य समान हैं और मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
गुरुद्वारे में लंगर की परंपरा के माध्यम से विद्यार्थियों ने समानता एवं भाईचारे का भाव अनुभव किया, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न धर्मों की महान शिक्षाओं से परिचित कराना, सभी धर्मों के प्रति सम्मान विकसित करना तथा जीवन में करुणा, सहयोग और सेवा की भावना जागृत करना था।
इस प्रकार के आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी हैं, जहां सिख समाज अपनी महान परंपराओं, गुरुजनों की शिक्षाओं और सेवा भाव से नई पीढ़ी को जोड़ता है। अन्य समाजों के अभिभावकों को भी चाहिए कि वे अपने बच्चों को ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में लेकर जाएं, ताकि बच्चे विभिन्न धर्मों की महान शिक्षाओं को करीब से समझें, उनमें श्रद्धा, सम्मान एवं सद्भाव की भावना विकसित हो और बचपन से ही सभी धर्मों के प्रति आदर तथा मानवता के प्रति समर्पण का भाव मजबूत हो।
कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्या नम्रता कुंदनानी के मार्गदर्शन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. संदेश कुमार जैन, कोषाध्यक्ष कु. सौम्या जैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कु. रोशनी कुंदनानी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ इस आध्यात्मिक आयोजन में सहभागिता कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की यह पहल संदेश देती है कि सच्ची शिक्षा वही है, जो बच्चों को ज्ञान के साथ मानवता, संस्कार, सद्भाव और दूसरों के प्रति सम्मान करना सिखाए।
Continue With Google
Comments (0)