आर्य समय संवाददाता, बरेला (जबलपुर)। आगामी गणेशोत्सव पर्व को हर्षोल्लास, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को बरेला नगर परिषद एवं थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नायब तहसीलदार राजेश मिश्रा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतीक दुबे, सीएमओ संजय पांडेय एवं थाना प्रभारी संगीता सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं स्थानीय पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक में गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं धार्मिक गरिमा के अनुरूप मनाया जाए तथा शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं गाइडलाइन का पालन हर समिति द्वारा अनिवार्य रूप से किया जाए।

पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

गणेश प्रतिमा स्थापना वाले पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, अग्निशमन उपकरण, सुरक्षित विद्युत वायरिंग तथा भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, जुलूस एवं कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी संगीता सिंह ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। हुड़दंग, असामाजिक गतिविधियों एवं शांति भंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी

बैठक में सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बिजली, सड़क और सफाई के मुद्दे उठे

बैठक के दौरान गणेश उत्सव समितियों एवं नागरिकों ने नगर की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। प्रमुख मार्गों पर लटकते विद्युत तार, पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, पंडालों के आसपास नियमित साफ-सफाई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने आश्वस्त किया कि गणेशोत्सव से पूर्व झूलते एवं जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त कराया जाएगा तथा पर्व के दौरान विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए तकनीकी अमले को मुस्तैद रखा जाएगा।

स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर नगर परिषद का फोकस

नगर परिषद अध्यक्ष प्रतीक दुबे एवं सीएमओ संजय पांडेय ने पर्व को देखते हुए नगर में विशेष साफ-सफाई, पंडालों के आसपास स्वच्छता तथा आवश्यक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। अधिकारियों ने संबंधित अमले को समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने गणेशोत्सव को शांति, भाईचारे, धार्मिक सौहार्द एवं आपसी सहयोग के साथ मनाने का संकल्प व्यक्त किया। अधिकारियों ने गणेश उत्सव समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पर्व की गरिमा बनाए रखने की अपील की।