आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत 3 सितंबर को एक महिला के साथ हुई लूट और मारपीट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पनागर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके पास से लूटा हुआ माल भी बरामद कर लिया है।
​
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला मीना विश्वकर्मा 3 सितंबर को पनागर स्थित बलेहा तालाब के पास मस्जिद वाले सुनसान रास्ते से गुजर रही थी। तभी अज्ञात बदमाश ने उसे अकेला पाकर लूटपाट की नीयत से उस पर हमला कर दिया। महिला द्वारा संघर्ष करने पर आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। महिला को तत्काल इलाज के लिए पनागर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
​

पुलिस की मुस्तैदी से पकड़ा गया आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर पनागर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन व निर्देशों के तहत पनागर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में प्रधान आरक्षक मनीष और आरक्षक राहुल की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम ने लगातार घटना स्थल का निरीक्षण और पतारसी करते हुए आरोपी आभास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पड़रिया गांव का रहने वाला है।
​

पुराने रिकॉर्ड की जांच जारी
मामले की जानकारी देते हुए पनागर थाना के उपनिरीक्षक (SI) बृजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी से लूटा गया माल बरामद कर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। इसके साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।