आर्य समय संवाददाता, बरेला। धर्म नगरी बरेला में सदियों से चली आ रही ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपरा चंडी मेले का आयोजन थाने के सामने स्थित रामलीला मंच पर बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने पहुंचकर चंडी की पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक अहीर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
यह आयोजन यादव समाज द्वारा वर्षों से अपनी धार्मिक आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से किया जाता रहा है। मेले में दूर-दराज के विभिन्न क्षेत्रों से चंडी लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं का अतिथियों द्वारा गमछा, अबीर-गुलाल एवं फूलमालाएं पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में नरसिंह दरबार के पंडा सोनू यादव, नारायण श्रीपाल, पार्षद भूपेंद्र यादव एवं मोहन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरविंद तिवारी, सुभाष चौरसिया, पूर्व व्यापारी संघ अध्यक्ष बॉबी जैन, नवनीत दुबे, सुनील पटेल एवं पं. माधव शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
चंडी मेले में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पारंपरिक पूजा-अर्चना, अहीर नृत्य और सामाजिक समरसता के इस अनूठे संगम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। चंडी मेले ने एक बार फिर साबित किया कि बरेला की पहचान केवल एक नगर के रूप में नहीं, बल्कि अपनी सदियों पुरानी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं के लिए भी विशेष स्थान रखती है।
Continue With Google
Comments (0)