आर्य समय संवाददाता,​ भोपाल/जबलपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में वर्ष 2019 में हुए बहुचर्चित पुलिस एनकाउंटर मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने 4 नवंबर को राजपत्र (Gazette Notification) में अधिसूचना जारी कर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के लिए अपनी सहमति प्रदान कर दी है।  
​

क्या है पूरा मामला-
​19 अगस्त 2019 को नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे के पास पुलिस और गैंगस्टर के बीच कथित मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में विजय यादव और समीर खान नामक दो व्यक्ति मारे गए थे। घटना के बाद थाना सुआतला में भादंवि (IPC) की धारा 307/34 तथा आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण (क्र. 377/2019) दर्ज किया गया था।  
​पहले दिन से उठ रहे थे सवाल
​नेशनल हाईवे के पास हुई इस कथित मुठभेड़ पर पहले ही दिन से परिजन सवाल खड़े कर रहे थे। मृतक विजय यादव और समीर खान के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे 'फर्जी एनकाउंटर' बताया था और उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं।
​

शिवराज सरकार ने की थी घोषणा, अब जारी हुआ आदेश
​विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस मामले की सीबीआई जांच कराने की घोषणा की थी, लेकिन लंबे समय तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब 7 साल बाद राज्य सरकार द्वारा 'दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946' की धारा 6 के तहत औपचारिक सहमति दे दी गई है।  गृह विभाग की सचिव कृष्णावेणी देशावतु के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इस प्रकरण में हुए अपराध, उसके दुष्प्रेरण और किसी भी प्रकार के षड्यंत्र की जांच का दायित्व अब सीबीआई संभालेगी।