आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के कांचघर स्थित हनुमान टोरिया की नई बस्ती में दीपावली की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश और जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में बदमाशों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दो युवकों की जान ले ली। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मृतकों की पहचान कार्तिक चौधरी (21 वर्ष), निवासी नई बस्ती करण पासी के रूप में हुई है।
​
प्राप्त जानकारी और परिजनों के अनुसार, दीपावली की रात करीब 1 बजे दोनों युवक वहां मौजूद थे। मृतक कार्तिक के भाई सोनू चौधरी ने बताया कि कार्तिक अपने दोस्त को छोड़ने जा रहा था और साथ में दीदी भी थीं। उसी दौरान वहां कुछ लड़के नशाखोरी कर रहे थे और जुआ खेल रहे थे।
​वहीं पर प्रिंस और अन्य लड़कों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कार्तिक और करण पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस भयानक हमले में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल करण पासी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
​दीपावली की खुशियों के बीच घटी इस खूनी वारदात से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों (प्रिंस चौधरी व अन्य) की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

10 के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज 

घमापुर पुलिस के मुताबिक नई बस्ती रविदास मंदिर के पास पुरानी रंजिश को लेकर प्रिंस चौधरी एवं उसके साथियों द्वारा कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी एवं करण पासी के साथ मारपीट कर चाकू से हमला किया गया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। फरियादिया दुर्गा चौधरी की रिपोर्ट पर थाना घमापुर में अपराध क्रमांक 800/2026 धारा 296(बी), 103(1), 126(2), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में कुल 10 आरोपी नामजद हैं।