आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिले के बरगी थाना अंतर्गत बरगी नगर चौकी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने और चालकों के साथ लूट-डकैती की योजना बना रहे हनुमानताल के 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कार्पियो वाहन, 210 लीटर चोरी का डीजल, लोहे की राड, सब्बल और अन्य घातक हथियार जप्त किए हैं। दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 नवंबर को चौकी बरगी नगर को सूचना मिली थी कि ग्राम मनकेड़ी एरिकेशन के पुराने खण्डहर कमरे के बाहर काले रंग की स्कार्पियो (नंबर 25 बीएच 1410 एन) खड़ी है, जिसमें डीजल की कुप्पियां लोड हैं। कमरे के अंदर 5 संदिग्ध व्यक्ति बरगी हाईवे पर खड़े ट्रकों या हाइवा से डीजल चोरी करने और चालकों के साथ लूट-डकैती की योजना बना रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनीष भारद्वाज (भा.पु.से.) एवं नगर पुलिस अधीक्षक बरगी श्री अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बरगी की विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर पांचों आरोपी भागने लगे, जिसमें से अंधेरे का फायदा उठाकर 2 आरोपी फरार हो गए, जबकि 3 आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी

रजा अली उर्फ राजा (पिता शरीफ कुरैशी, उम्र 27 वर्ष)

मोहम्मद साहिल (पिता मोहम्मद युसुफ, उम्र 23 वर्ष)

साहिल मंसूरी (पिता रमजान मंसूरी, उम्र 18 वर्ष)
(सभी निवासी: रजा चौक, हनुमानताल, जबलपुर)

फरार आरोपी:

रिजवान उर्फ छोटा पठान (निवासी: रजा चौक, हनुमानताल) - जो स्कार्पियो चला रहा था।

शेरू खान (निवासी: गोहलपुर)

जप्त सामग्री
काले रंग की स्कार्पियो वाहन (क्रमांक 25 बीएच 1410 एन)

6 कुप्पियों में भरा हुआ लगभग 210 लीटर डीजल (जो दिनांक 5-6 नवंबर की दरमियानी रात नागपुर-जबलपुर हाईवे पर ट्रकों से चुराया गया था)

4 खाली कुप्पियां

घातक हथियार: लोहे का सब्बल, स्टील के 2 पाइप, पेचकस, पाना आदि।

आरोपियों के विरुद्ध थाना बरगी में धारा 287, 310(4), 310(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे, चौकी प्रभारी बरगी नगर उप निरीक्षक अभिषेक पयासी, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र उइके, प्रधान आरक्षक मुकेश डेहरिया, आरक्षक मंगल कर्मा एवं सतवन मरावी की सराहनीय भूमिका रही।