आर्य समय संवाददाता, बरेला (जबलपुर)। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता के लिए अपनी विशेष पहचान रखने वाली धर्मनगरी बरेला में आगामी 26 अक्टूबर 2026, सोमवार को नगर गौरव दिवस के अवसर पर ‘बरेला महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। नगर की गौरवशाली परंपराओं, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित यह महोत्सव कला, संस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम बनेगा।
बरेला माता शारदा की गोद में बसे एवं श्री 1008 दादा ठनठन पाल जी महाराज की पावन तपोभूमि तथा धर्मनगरी के रूप में विख्यात है। इसी धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। बरेला महोत्सव में क्षेत्रीय विधायक सुशील तिवारी (इंदु भैया) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके सान्निध्य में आयोजित होने वाला यह महोत्सव नगर की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत करेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6 बजे से श्री सिद्धपीठ दादा दरबार, बस स्टैंड बरेला में होगा। आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए नगर परिषद एवं आयोजन समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
प्रसिद्ध गायिका इशिता विश्वकर्मा के सुरों से सजेगी महोत्सव की शाम
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण सारेगामापा विजेता एवं इंडियाज गॉट टैलेंट की प्रथम रनर-अप, जबलपुर की प्रतिभाशाली गायिका इशिता विश्वकर्मा की शानदार गायन प्रस्तुति होगी।
इसके साथ ही अंकिता गिनारा एवं श्रीजी कला संस्था, जबलपुर की टीम द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। संगीत, भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी यह शाम नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नगर की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को समर्पित है महोत्सव
आयोजन समिति के अनुसार बरेला महोत्सव का मुख्य उद्देश्य नगर की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था, स्थानीय गौरव एवं सामाजिक एकजुटता को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से नगरवासियों को अपनी प्रतिभा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवा पीढ़ी को नगर के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतीक दुबे, उपाध्यक्ष सोनम सोनू सोनकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय कुमार पाण्डेय एवं उपयंत्री संजय कैथवास सहित नगर परिषद के समस्त जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। महोत्सव को सफल बनाने के लिए नगर परिषद के पार्षदगण एवं आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं।
पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों का रहेगा विशेष सहयोग
इस आयोजन में पार्षद ममता बर्मन (वार्ड क्रमांक 13), पिंकी प्रीतम पटेल, दिव्या अरिहंत जैन, दीपेश पटेल, दीपक सोनकर, प्रकाश चक्रवर्ती, संजना रश्मि पटेल (वार्ड क्रमांक 1), दिनेश पटेल (वार्ड क्रमांक 2), भूपेंद्र यादव (वार्ड क्रमांक 3), शारदा कृष्णा बर्मन (वार्ड क्रमांक 6), रामवती महेश चक्रवर्ती (वार्ड क्रमांक 9), राजकुमार गोटिया (वार्ड क्रमांक 14) एवं श्रीकांत उपाध्याय (वार्ड क्रमांक 15) सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहेगा। वहीं मनोनीत पार्षद सावित्री बाई पटेल, मुकेश साहू, हेमंत विश्वकर्मा एवं अखिलेश रैकवार सहित नगर परिषद के समस्त अधिकारी-कर्मचारी भी आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
नगरवासियों से महोत्सव में शामिल होने की अपील
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतीक दुबे एवं आयोजन समिति ने नगर के समस्त नागरिकों, गणमान्यजनों, युवाओं, मातृशक्ति, व्यापारियों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य आयोजन की गरिमा बढ़ाएं।
आयोजन समिति का कहना है कि बरेला महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नगर की पहचान, गौरव, आस्था और एकता का उत्सव है।26 अक्टूबर की शाम धर्मनगरी बरेला में संस्कृति, संगीत और भक्ति की ऐसी छटा बिखरेगी, जो नगरवासियों के लिए यादगार बनेगी।
Continue With Google
Comments (0)