आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के जरिए बीमारी ठीक करने और रकम दोगुना करने का लालच देकर एक महिला से करीब 5 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने जब अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और काफी दबाव के बाद महज 1.50 लाख रुपये ही लौटाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पहुंचकर दिया प्रलोभन, नकद ऐंठे 5 लाख
पुलिस के अनुसार, ककरैया तलैया निवासी आरती मेहरा (48 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 15 नवंबर को रद्दीचौकी गोकुलपुर निवासी अब्दुल सलाम उनके घर पहुंचा और बीमारी ठीक करने व धन दोगुना करने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर महिला ने झाड़-फूंक व पूजा-पाठ के नाम पर धीरे-धीरे करीब 5 लाख रुपये नकद उसे दे दिए।
सिर्फ 1.50 लाख लौटाए, केस दर्ज
काफी समय बीतने के बावजूद न तो बीमारी व परेशानी दूर हुई और न ही रकम दोगुनी होकर मिली। जब आरती मेहरा ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करता रहा और बड़ी मुश्किल से केवल 1.50 लाख रुपये ही वापस किए। इसके बाद पीड़ित महिला ने गोरखपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। गोरखपुर पुलिस ने आरोपी अब्दुल सलाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
Continue With Google
Comments (0)