आर्य समय संवाददाता, बरेला। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इस बात को एक बार फिर मोक्ष संस्था एवं बरेला के युवाओं ने चरितार्थ कर दिखाया। आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार के लिए अपनी ही परिजन का अंतिम संस्कार करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे कठिन समय में मोक्ष संस्था और बरेला की मित्रमंडली ने आगे आकर परिवार को सहारा दिया और पूरे सम्मान के साथ महिला का अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका सुमन प्रजापति, पति जयकरण, मेडिकल अस्पताल में उपचाररत थीं। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के कारण परिजन उन्हें छुट्टी करवाकर बरेला ले आए, जहां आज उनका निधन हो गया। परिवार खेत में टपरिया बनाकर मजदूरी करते हुए अपना जीवन यापन करता है। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि उनके पास अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने तक के पैसे नहीं थे।
ऐसी विषम परिस्थिति में परिजनों ने मोक्ष संस्था से संपर्क किया। प्रारंभ में महिला के अंतिम संस्कार के लिए जबलपुर ले जाने की बात हुई और परिजन ऑटो से जाने के लिए तैयार भी हो गए, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उनके पास ऑटो का किराया तक उपलब्ध नहीं था।
परिवार की इस पीड़ा को समझते हुए मोक्ष संस्था के आशीष ठाकुर के मार्गदर्शन में सहयोगी विवेक, अर्पित, आदर्श, अनिकेत, निखिल, अमित एवं समस्त मित्रमंडली बरेला ने तत्काल सहयोग के लिए हाथ बढ़ाए। सभी ने आर्थिक सहायता प्रदान की तथा लकड़ी सहित अंतिम संस्कार की अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।
इसके बाद बरेला मुक्तिधाम में पूरे सम्मान के साथ सुमन प्रजापति का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। साथ ही बरेला में ही अंतिम संस्कार कराने का निर्णय इसलिए लिया गया, ताकि परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने एवं आगे के आवश्यक पारिवारिक कार्यक्रमों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह घटना केवल आर्थिक सहयोग की नहीं, बल्कि मानवता, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल है। जब एक गरीब परिवार अपनों को अंतिम विदाई देने में भी असमर्थ था, तब इन युवाओं ने आगे आकर परिवार का दुख बांटा और यह संदेश दिया कि समाज में आज भी इंसानियत जिंदा है।
Continue With Google
Comments (0)