आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी ऐतिहासिक सफलता का लोहा मनवाया है। देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में दूसरा स्थान हासिल कर शहर ने नया कीर्तिमान रचा है। बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मान समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने जबलपुर को द्वितीय स्थान का प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
यह पुरस्कार समारोह में जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, तत्कालीन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार तथा वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया। संस्कारधानी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महापौर, निगमायुक्तों और पूरी नगर निगम टीम को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
22वें पायदान से दूसरे स्थान तक का सफर
जबलपुर की इस ऐतिहासिक छलांग के पीछे महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू का वह दृढ़ संकल्प रहा, जो उन्होंने पदभार संभालते वक्त लिया था। उस समय जबलपुर स्वच्छता रैंकिंग में 22वें स्थान पर पिछड़ा हुआ था। इसके बाद योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, प्रशासनिक कसावट और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से शहर ने 22वें स्थान से 13वें, फिर 5वें और अब सीधे दूसरे स्थान पर पहुंचकर पूरे देश में अपनी चमक बिखेरी है।
कचरा प्रबंधन और आधुनिक नवाचार बने आधार
जबलपुर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर बनाने में कई तकनीकी व मैदानी नवाचारों की अहम भूमिका रही।
वेस्ट टू एनर्जी प्लांट: नवंबर-दिसंबर 2025 से शुरू हुए वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के जरिए जनवरी से मार्च 2026 के महज तीन महीनों में 3.5 लाख टन कचरे का वैज्ञानिक निष्पादन किया गया। वर्षों पुराने कचरे के ढेरों को साफ कर 17 एकड़ जमीन को कचरा मुक्त कराया गया।
थ्री-आर (3R) सेंटर: रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल की तर्ज पर शुरू किए गए थ्री-आर सेंटरों में खिलौना बैंक, कपड़ा बैंक और बुक बैंक जैसी सुविधाएं विकसित की गईं, जिससे अनुपयोगी वस्तुओं का पुनर्चक्रण संभव हुआ।
मैदानी मॉनिटरिंग व नाइट स्वीपिंग: सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए निगमायुक्त खुद सुबह 6 बजे से मैदान में उतरे। इसके साथ ही रात के समय व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में नाइट स्वीपिंग की प्रभावी व्यवस्था लागू की गई।
प्लास्टिक जब्ती व स्पॉट फाइन: प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक पर नकेल कसने के लिए लगातार जब्ती अभियान चलाए गए और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों पर स्पॉट फाइन की सख्त कार्रवाई की गई।
जबलपुर का अगला लक्ष्य नंबर-1 बनना: महापौर
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता नगर निगम की पूरी टीम के समर्पण, सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और संस्कारधानी के देवतुल्य नागरिकों की जनभागीदारी का सुखद परिणाम है। उन्होंने इस सम्मान को जबलपुर के हर नागरिक को समर्पित करते हुए कहा कि 22वें स्थान से दूसरे स्थान तक का सफर पूरा हो चुका है, अब हमारा अगला और अंतिम लक्ष्य जबलपुर को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाना है।
इस गरिमामय अवसर पर दिल्ली के विज्ञान भवन में निगमाध्यक्ष रिंकू विज, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव एवं उपायुक्त संभव अयाची सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)