आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पाटन में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान टिफिन बम मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सड़क निर्माण कार्य में जुटी टीम को अचानक एक बाक्स दिखा, जिसमें तार सहित अन्य सर्किट दिखे। बम होने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैली और सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल अभी रोड निर्माण का काम बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोगों को कहना है कि हो सकता है कि रोड के आसपास और भी बम हो। पुलिस भी अब जांच में जुटी हुई है कि आखिर रोड के नीचे डिब्बे में किसने बम रखा है।

जानकारी के मुताबिक़ नगर परिषद पाटन के वार्ड नंबर एक में नई सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। आज सुबह करीब 11 बजे, जब मजदूर सड़क की खुदाई कर रहे थे, उसी दौरान एक मजदूर की गेती जमीन में किसी लोहे के डिब्बे से टकरा गई। डिब्बे पर छेद हो गया और वह खुल गया।मजदूर राजेंद्र जब नजदीक गया, तो उसने देखा कि डिब्बे के अंदर एक बैटरी रखी हुई थी, जिसमें रस्सी लिपटी हुई थी और सेल भी लगे हुए थे। बैटरी के साथ बारूद बंधा हुआ था। यह देखते ही स्थानीय लोगों को आशंका हुई कि यह कोई शक्तिशाली बम हो सकता है।मौके पर एसडीएम मानवेंद्र सिंह सहित पाटन थाना पुलिस पहुंची। बम का निरीक्षण करने पर उस पर '900 वाट, शक्तिशाली बम" लिखा हुआ पाया गया।

<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/KINUOs3EbvA" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>

एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि पाटन पुलिस के साथ बम डिस्पोजल टीम मौके पर भेजी गई है। बम निरोधक दस्ता ने उक्त बाक्स को अपने कब्जे में ले लिया है। बम किसी भी प्रकार से एक्टिव नहीं था और बहुत पुराना प्रतीत हो रहा है। बाक्स के अंदर तारों का पूरा सर्किट दिख रहा है। एक्सर्ट टीम मामले की विस्तृत-जांच पड़ताल कर रही है। बाक्स में किसी तरह का बारूद फिलहाल टीम को नहीं दिखा, लेकिन उपर से देखने में पूरा टिफिन बम की तरह दिखाई दे रहा है। एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है।