आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक रोहाणी ने सिविल अस्पताल रांझी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से संवाद किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, फिजियोथेरेपी सेंटर में संसाधनों की कमी तथा भोजन व्यवस्था से जुड़ी खामियां सामने आईं। खासकर मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित रिकॉर्ड व लिखा-पढ़ी तलब की।

भोजन की गुणवत्ता पर सवाल, रिकॉर्ड बुलवाए
निरीक्षण के दौरान सामने आए वीडियो में देखा गया कि अस्पताल में रखे भोजन के बर्तनों की जांच के दौरान लौकी की सब्जी में पानी अधिक नजर आया और मूंग की दाल की रंगत भी अपेक्षित नहीं दिखी। इस पर विधायक रोहाणी ने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को क्या-क्या और किस प्रकार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, इसका पूरा रिकॉर्ड व लिखा-पढ़ी प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जांच और रिकॉर्ड के आधार पर भोजन व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

बुधवार और शनिवार को मिलेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए विधायक ने वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सप्ताह में दो दिन—बुधवार और शनिवार को हड्डी एवं नेत्र रोग के विशेषज्ञ डॉक्टर अस्पताल में उपलब्ध रहेंगे, जिससे मरीजों को उपचार के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

सीएसआर फंड से संवरेगा फिजियोथेरेपी सेंटर
फिजियोथेरेपी सेंटर के निरीक्षण के दौरान विधायक रोहाणी ने कहा कि बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं। संसाधनों की कमी को देखते हुए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से लिखित में आवश्यकताओं की सूची मांगी है, ताकि सीएसआर (CSR) फंड के माध्यम से आधुनिक उपकरण और संसाधन जुटाए जा सकें। उनका लक्ष्य नई बिल्डिंग के लोकार्पण से पहले इसे जबलपुर का सर्वसुविधायुक्त फिजियोथेरेपी सेंटर बनाना है।

नई बिल्डिंग और ट्रामा यूनिट की तैयारियों पर जोर
विधायक रोहाणी ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से अस्पताल में प्रस्तावित नई बिल्डिंग तथा भविष्य में ट्रामा यूनिट/आकस्मिक चिकित्सा केंद्र शुरू करने की दिशा में काम चल रहा है। इसके लोकार्पण व तैयारियों को लेकर भी व्यवस्थाएं देखी गईं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सभी कमियों को शीघ्र दूर किया जाएगा।