आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के खमरिया थाना क्षेत्र स्थित डुमना एयरपोर्ट के सामने बेखौफ बदमाशों ने लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। काम से घर लौट रहे एक युवक का पीछा कर तीन बदमाशों ने पहले उसकी बाइक को टक्कर मारकर गिराया और फिर चाकू की नोक पर उसका मोबाइल और बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घाट उतरते समय मारी टक्कर, फिर अड़ाया चाकू
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लालमाटी उमरिया निवासी 20 वर्षीय सतीश गोंड़ सुअरकोल स्थित सीएमएम फैक्ट्री में काम करता है। 25 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह फैक्ट्री से छुट्टी होने के बाद अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहा था।
महगवां मोड़ से ही काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक उसका पीछा कर रहे थे। सतीश जैसे ही एयरपोर्ट के सामने घाट से नीचे उतरने लगा, बदमाशों ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। इससे पहले कि सतीश संभल पाता, एक बदमाश ने चाकू निकालकर उसे धमकाया और उसका मोबाइल छीन लिया।
घबराहट में बाइक का नंबर नहीं देख सका पीड़ित
मोबाइल छीनने के बाद बदमाशों ने सतीश की स्प्लेंडर बाइक भी अपने कब्जे में ली और मौके से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले और लूट की घटना से युवक बुरी तरह घबरा गया, जिसके चलते वह भाग रहे बदमाशों की बाइक का नंबर नोट नहीं कर सका।
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज
वारदात के बाद पीड़ित ने खमरिया थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात तीनों लुटेरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
Continue With Google
Comments (0)