आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर में ऑनलाइन और साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटों में शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों— संजीवनीनगर, अधारताल और हनुमानताल थाना क्षेत्र में ठगी की तीन बड़ी वारदातें सामने आई हैं, जिनमें ठगों ने अलग-अलग पैंतरे अपनाकर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाया है। पुलिस ने सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।   

चाचा के व्हाट्सएप से आया क्यूआर कोड, भतीजे ने गंवाए 25 हजार 
एमआईजी धन्वंतरिनगर निवासी अभिषेक उपाध्याय (34) ने पुलिस को बताया कि 25 अक्टूबर की शाम करीब 7:26 बजे उनके चाचा अंजनी कुमार उपाध्याय के व्हाट्सएप नंबर से एक क्यूआर कोड आया और उस पर 25 हजार रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया। अभिषेक ने भरोसा कर रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में पता चला कि उनके चाचा यह रकम रविशंकर दुबे के खाते में डलवाना चाहते थे, लेकिन ठगों ने क्यूआर कोड के जरिए यह राशि 'मयूर भट्ट' नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करवा ली।

डिलीवरी फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 2 लाख की चपत 
संजय नगर निवासी प्रशांत चक्रवर्ती (25), जो 'मीशो' कंपनी में डिलीवरी बॉय हैं, उन्होंने कंपनी की पार्सल डिलीवरी फ्रेंचाइजी लेने के लिए यूट्यूब पर एक वीडियो देखा। वीडियो के जरिए उन्होंने राजस्थान के धौलपुर निवासी अंकित राजपूत से संपर्क किया। अंकित ने फ्रेंचाइजी दिलाने के एवज में 2 लाख रुपये मांगे। प्रशांत ने 23 फरवरी 2026 से 2 जुलाई 2026 के बीच अपने पीएनबी खाते से किस्तों में 2 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया है।

क्रेडिट कार्ड कन्वर्ट करने का झांसा और ओटीपी पूछकर उड़ाए रुपए 
मक्का नगर गली नंबर-1 निवासी इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक तनवीर अहमद (50) के पास 6 नवंबर को एक अज्ञात कॉल आया। कॉलर ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बताते हुए उनके प्लेटिनम क्रेडिट कार्ड को 'रुपे कार्ड' में कन्वर्ट करने का ऑफर दिया। झांसे में आकर तनवीर ने अपनी ईमेल आईडी, जन्मतिथि और मोबाइल पर आया पहला ओटीपी बता दिया। हालांकि दूसरा ओटीपी उन्होंने नहीं बताया, लेकिन तब तक उनके खाते से दो बार में कुल 65,759 रुपये 34 पैसे कट चुके थे।