आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के होम साइंस कॉलेज के सामने स्थित पंजाबी हिंदू एसोसिएशन के पास बीती रात एक कार में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास खड़े अन्य वाहन आग की चपेट में आने से बच गए।
कंट्रोल रूम को रात 12:10 बजे मिली सूचना
फायर ब्रिगेड कर्मचारी संजय पटेल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 12:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर ब्रिगेड को सूचना मिली थी कि होम साइंस कॉलेज के सामने पंजाबी हिंदू एसोसिएशन के नजदीक एक कार में आग लगी है। सूचना प्राप्त होते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
आसपास खड़े अन्य वाहनों को बचाया गया
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए कार में लगी आग को बुझाना शुरू किया। घटनास्थल के पास ही कई अन्य वाहन भी खड़े हुए थे। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया और आसपास खड़े वाहनों को सुरक्षित बचा लिया गया।
आग लगने का कारण अज्ञात, चालक मौके पर नहीं मिला
संजय पटेल के अनुसार, कार में आग किन कारणों से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना के समय वाहन चालक भी मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)