आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। वरमाला के लिए दूल्हा-दुल्हन मंच में खड़े हुए इसी बीच बाइक सवार एक दर्जन बदमाशों की गैंग ने पिस्तौल से  कई राउंड फायरिंग करते हुए चाकू से हमला कर दिया। बारात घर के अंदर एकाएक हुए हमले से मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।

बदमाशों के हमले में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, जिसमें 2 युवकों की हालत बेहद गंभीर होने पर तत्काल विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।

डॉक्टरों का कहना है कि एक युवक की स्थिति बेहद चिंताजनक है, उपचार चल रहा है। वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची रांझी पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश करते हुए कुछ वीडियो फुटेज एकत्रित किए हैं।

<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/Ghk_fvx5wZw" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>

घायलों को लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे विष्णु प्रसाद चौधरी निवासी गढा पुरावा ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवारिक सदस्यों के साथ रांझी थाना क्षेत्र के मस्ताना चौक स्थित आशीर्वाद बारात भवन में बारात में शामिल होने गए थे।

दूल्हा-दूल्हन का जयमाला कार्यक्रम होने वाला था, तभी बाइक से 10-12 लड़के आए और धमकी देते हुए बंदूक से फायर करने लगे। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले कुछ बदमाश चाकू से हमला करने लगे। 5 मिनिट में मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बदमाश मौके से फरार हो गए।

गोली और चाकू से हमले से मोहनदास निवासी सिलौंड़ी और गढा पुरवा निवासी जितेंद्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जाता है कि मोहनदास और जितेंद्र चौधरी परिवार के भाई की बारात में गए थे। दो पक्षों में हुए विवाद में एक युवक के पैर में गोली लगी है, दूसरा चाकू के हमले से घायल हुआ है।

एसपी सम्पत उपाध्याय ने बताया कि बारात में हुए विवाद में आरोपियों के विरूद्ध हत्या के प्रसाय का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस जांच-पड़ताल करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के हरसंभव प्रयास कर रही है।