आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मदनमहल थाना पुलिस ने अमानत में खयानत कर फर्म संचालक के परिजनों के हस्ताक्षरित चेकों के जरिए बैंक खातों से 7 लाख 50 हजार रुपये निकालने वाली कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर उसके घर से निकाली गई पूरी 7.50 लाख रुपये की राशि जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कमला गुप्ता अस्पताल के सामने गोरखपुर निवासी विकास नेमा (58) का पुराना बस स्टैंड स्थित सुखेजा टावर के दूसरे तल पर ‘विक्रांत ग्रुप’ का कार्यालय है। बीते करीब 10 माह से खुशबू चौधरी (24), निवासी रजा चौक थाना हनुमानताल, वहां कैशियर का काम कर रही थी। उसके पास संचालक, परिवार के सदस्यों और फर्मों के हस्ताक्षरित चेक रहते थे। 20 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे पत्नी मंजरी नेमा के पास पीएनबी मदनमहल से चेक कन्फर्म करने के लिए कॉल आया। बैंक शाखा पहुंचने पर पता चला कि प्रियंका प्रजापति और अमित लोधी चेक भुनाने आए हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि खुशबू ने राशि भरकर कैश निकालने के लिए भेजा था और उसी दिन पीएनबी विजयनगर शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर उसे दिए थे। वहीं, पीएनबी मदनमहल में प्रस्तुत भाभी अनीता के 3 लाख व पत्नी मंजरी के 2.50 लाख रुपये के चेकों का भुगतान नहीं हो पाया।
जांच में सामने आया कि खुशबू ने अमानत में खयानत कर पीएनबी विजयनगर से भाभी अनीता नेमा के खाते के चेक से 50 हजार, पीएनबी अधारताल से अनीता नेमा के खाते के चेक से 50 हजार तथा बैंक ऑफ बड़ौदा राइट टाउन शाखा से भाई विक्रांत नेमा के खाते के चेक से 2 लाख, पत्नी मंजरी नेमा के खाते के चेक से 2 लाख और बेटे अंश नेमा के खाते के चेक से 2.50 लाख रुपये सहित कुल 7.50 लाख रुपये निकाले थे। देर रात मदनमहल थाने में धारा 316(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी जोन-3 मनीष भारद्वाज व सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मदनमहल उमेश यादव के नेतृत्व में टीम ने खुशबू चौधरी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसने घर में नकदी रखे होना बताया, जिसे जब्त कर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में टीआई उमेश यादव, एएसआई हल्के राम भलावी, राजेश मिश्रा, महिला आरक्षक मंजरी, क्षमा विश्वकर्मा व आरक्षक बालाराम, सुधीर की भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)