आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया शराब दुकान के पास अवैध वसूली का विरोध करने पर छुट्टी पर आए एक पुलिस आरक्षक पर चार लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में आरक्षक के हाथ में गंभीर चोट आई है, वहीं आरोपी उसकी जेब/पर्स में रखे 6800 रुपए भी लूटकर फरार हो गए। घायल आरक्षक की शिकायत पर रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, बालाघाट में पदस्थ आरक्षक कुलदीप रावत एक परिचित/मित्र के निधन के बाद उसकी अंतिम यात्रा (मिट्टी) में शामिल होने के लिए छुट्टी पर आए थे। घटना के दौरान वे चाय-पानी कर रहे थे, तभी एक युवक वहां आया और उनसे 20 रुपए की मांग करने लगा। कुलदीप रावत ने पैसे देने से मना किया तो युवक ने जबरन पैसे देने का दबाव बनाया।

चाकू से हमला और लूट
विवाद बढ़ने पर युवक दुकान के भीतर गया और चाकू लेकर आया तथा कुलदीप रावत पर हमला कर दिया। इसी दौरान शराब के नशे में उसके दो-तीन अन्य साथी भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर आरक्षक के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में आरक्षक कुलदीप रावत के हाथ में गंभीर चोट आई। आरोप है कि हमलावर उनका पर्स छीनकर उसमें रखे 6800 रुपए लेकर भाग निकले।
घटना के बाद घायल आरक्षक ने रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रांझी पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पीड़ित आरक्षक कुलदीप रावत ने मीडिया को बताया कि आज हमारा एक मित्र खत्म हो गया था, उसकी मिट्टी में हम जा रहे थे। हम चाय-पानी पी रहे थे तो वह लड़का आया और 20 रुपए मांगने लगा। मैंने मना किया तो वह अंदर से चाकू लेकर आया और मारने लगा। उसके साथ दो-तीन लड़के और थे, जो दारू पीकर आए थे और मारपीट करने लगे। वे 6800 रुपए और पर्स छीनकर ले गए। मैं बालाघाट में पुलिस में पदस्थ हूं और छुट्टी पर आया था। हमने रिपोर्ट लिखा दी है, अब देखते हैं क्या कार्रवाई होती है।