आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित नेशनल हाईवे-45 (खैरी बंधा क्षेत्र) पर गुरुवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शहपुरा की ओर से आ रहे मक्का से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक MP20HB1200) ने अनियंत्रित होकर 'राज फैमिली ढाबा' के बाहर खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मारते हुए वहां ठंड से बचने के लिए आग ताप रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
आग ताप रहे लोगों पर काल बनकर टूटा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधी रात के वक्त ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे और बाहर अलाव जलाकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान शहपुरा से जबलपुर की तरफ जा रहा मक्का से भरा ट्रक लापरवाहीपूर्वक आया और ढाबे के पास खड़ी एक बोलेरो, एक कार तथा एक पिकअप समेत चार वाहनों को कुचलते हुए वहां मौजूद लोगों के ऊपर चढ़ गया। इसके बाद बेकाबू ट्रक कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
शराब दुकान और ढाबा कर्मचारियों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों की पहचान हो गई है, जिनमें दो पास की शराब दुकान के कर्मचारी और एक ढाबा कर्मचारी शामिल है:
बलराम सिंह: निवासी भिंड-मुरैना (शराब दुकान कर्मचारी)
मोनू भंडारी: निवासी रामपुर, थाना गोरखपुर क्षेत्र (शराब दुकान कर्मचारी)
धर्मेंद्र आदिवासी: निवासी खैरी (ढाबा कर्मचारी)
एक ही हादसे में तीन जिंदगियां खत्म होने से मृतकों के परिवारों और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
ढाबा संचालक राजा साहू अस्पताल में भर्ती
ट्रक की चपेट में आने से राज फैमिली ढाबा के संचालक राजा साहू (तथा एक अन्य युवक सोनू) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
नशे में था चालक, पुलिस ने लिया हिरासत में
भेड़ाघाट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे की हालत में वाहन चलाने की बात सामने आई है। भेड़ाघाट थाने के सब-इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास ने बताया कि ट्रक की टक्कर से तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)