आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर संगठित जुए और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भेड़ाघाट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गोपालपुर क्षेत्र में चल रहे एक हाईप्रोफाइल जुए के फड़ पर दबिश देकर 7 व्यापारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 47 हजार 220 रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
थाना प्रभारी भेड़ाघाट कमलेश चौरिया ने बताया कि 17 नवंबर 2026 की देर रात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि महामृत्युंजय मंदिर के पीछे, कार्यलेंड ग्राम गोपालपुर में कुछ लोग रोशनी के उजाले में ताश पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक कर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की और जुआरियों को धर दबोचा।

पुलिस ने बताया कि मौके से अतुल जैन (उम्र 45 वर्ष), निवासी- कमानिया गेट के पास, बड़ा फुहारा (कोतवाली), वीर जैन (उम्र 42 वर्ष), निवासी- बड़ा फुहारा (कोतवाली), नितिन जैन (उम्र 40 वर्ष), निवासी- सराफा बाजार (कोतवाली),रितिक जैन (उम्र 45 वर्ष), निवासी- बड़ा फुहारा (कोतवाली),नितिन कुमार पांडे (उम्र 37 वर्ष), निवासी- गुप्तेश्वर मंदिर, थाना गोरखपुर, मनीष खेमानी (उम्र 44 वर्ष), निवासी- भंडारी अस्पताल के पास, ओमती, विजय नगवानी (उम्र 38 वर्ष), निवासी- नेपियर टाउन, ओमती को जुआ खेलते पकड़ा गया है।

जब्ती और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास और फड़ से कुल 52 ताश के पत्ते और 1,47,220 रुपये नकद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन 3) मनीष भारद्वाज और नगर पुलिस अधीक्षक (बरगी) अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भेड़ाघाट कमलेश चौरिया, उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्रधान आरक्षक हरीश डेहरिया, आरक्षक हरि सिंह और संतोष जाट की सराहनीय भूमिका रही।