आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। विद्युत विभाग के पूर्व संभाग द्वारा चलाए जा रहे रूटीन चेकिंग अभियान के तहत चांदनी चौक फीडर और बहोराबाग क्षेत्र में बिजली चोरी के कुल 9 मामले पकड़े गए हैं। बूढ़ी खेरमाई के समीप एक ही इमारत में लगे 9 मीटरों की जांच में 6 मीटरों में बाईपास और सीटी (CT) काटकर बिजली चोरी करना पाया गया।
कार्रवाई की जानकारी देते हुए पूर्व संभाग के कार्यपालक अभियंता हरीश गुप्ता ने बताया कि बूढ़ी खेरमाई के पास स्थित एक बिल्डिंग के एक ही परिसर में कुल 9 बिजली मीटर लगे हुए थे। जांच के दौरान इन 9 में से 6 मीटरों में अवैध तरीके से बिजली का उपयोग होता पाया गया।
जांच में सामने आया कि एक मीटर में सीधे सर्विस लाइन को बाईपास कर बिजली चोरी की जा रही थी। वहीं, शेष 5 मीटरों में नीचे से छेद (होल) करके उनकी सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) को काट दिया गया था और उन्हें बाईपास भी किया गया था, ताकि मीटर की रीडिंग धीमी हो जाए।
बहोराबाग में भी बने 3 प्रकरण
विभाग की इस रूटीन चेकिंग के दौरान केवल चांदनी चौक फीडर ही नहीं, बल्कि बहोराबाग क्षेत्र में भी बिजली चोरी के 3 अन्य मामले पकड़े गए हैं। इस तरह अभियान के तहत कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कार्यपालक अभियंता हरीश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में पंचनामा तैयार कर विद्युत चोरी के केस बना लिए गए हैं और अब दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक एवं जुर्माने की कार्रवाई कार्यालय स्तर से की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)