आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत चार खंभा इलाके में रात 11 बजे के करीब अज्ञात बदमाशों द्वारा चाकू से किए गए जानलेवा हमले में घायल हुए 17 वर्षीय किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
घात लगाकर किया था हमला, अस्पताल में तोड़ा दम
यह घटना नसीमाबाद स्थित चार खंभा बारात घर के सामने हुई। जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय किशोर नौशाद अली जो अपने चाचा के साथ बिल्डिंग निर्माण का कार्य करता था रास्ते से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे करीब 5 से 7 बदमाशों ने उसे पीछे से घेर लिया। हमलावरों ने पहले धक्का देकर उसे नीचे गिराया और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर मौके से फरार हो गए।
लहूलुहान हालत में किशोर को तत्काल जिला विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश की आशंका
मृतक के चाचा नासिर अली (निवासी नसीमाबाद, चार खंभा मजार के सामने) ने आशंका जताई है कि इस हत्याकांड के पीछे कोई पुराना विवाद या रंजिश हो सकती है। उनके मुताबिक, पूर्व में हुई किसी चोरी की घटना को लेकर किशोर और उन युवकों के बीच कहासुनी व मारपीट हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और सभी आरोपियों की पहचान जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
उधर, शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी और हत्या की वारदातों ने एक बार फिर जबलपुर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि बेखौफ बदमाश सरेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं।
Continue With Google
Comments (0)