आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र के नया मोहल्ला इलाके में चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले एक बुजुर्ग से 1 लाख रुपये का 'गुंडा टैक्स' मांगने और मारपीट करने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देश पर की गई इस त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

ओमती थाने में प्रार्थी महफूज रहमान (उम्र 64 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह हुसैन चौक, नया मोहल्ला में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं। मोहल्ले का ही एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति माजिद खान उर्फ मूसा पिछले 10-15 दिनों से उनकी दुकान से बिना पैसे दिए सामान ले जा रहा था।

आरोपी दुकान चलाने के एवज में 1 लाख रुपए के गुंडा टैक्स की मांग कर रहा था और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। घटना वाले दिन सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी दुकान पर पहुंचा और गालियां देते हुए पैसे मांगने लगा। विरोध करने पर उसने बुजुर्ग और बीच-बचाव करने आए उनके बेटे जुनैद खान के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और दुकान बंद करवाकर फरार हो गया। इस शिकायत पर ओमती पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी माजिद मूसा के खिलाफ BNS की धाराओं (308(2), 308(5), 296ए, 351(2), 119(1)) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

21 से अधिक आपराधिक मामले हैं दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी माजिद खान उर्फ मूसा ओमती थाना क्षेत्र का एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में अवैध वसूली, मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने, जुआ खिलाने, घर में घुसकर आतंक फैलाने और अवैध मादक पदार्थ (गांजा) का क्रय-विक्रय करने जैसे 21 गंभीर आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन और सराहनीय भूमिका
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ (भा.पु.से.) एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ओमती राजपाल सिंह बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने दबिश देकर शातिर आरोपी माजिद खान उर्फ मूसा को धर दबोचा और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम:
इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी ओमती राजपाल सिंह बघेल, निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक मयंक यादव, सउनि कुंजबिहारी, प्रधान आरक्षक राम सिंह परते, देवेन्द्र उपाध्याय, संतोष, रिम बहादुर, तथा आरक्षक सुजीत और अनुराग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।