आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहपुरा के मालकछार  घाट स्थित रेलवे फाटक के पास हुए विवाद के बाद ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने एक मित्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बंद रेलवे फाटक पर हुआ था विवाद
पुलिस अधिकारी के अनुसार, युवक अपने मित्र के साथ स्कूटी पर सवार होकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान शहपुरा के मालकछार घाट के पास रेलवे फाटक बंद होने के कारण दोनों अपनी स्कूटी रोककर वहां खड़े थे। बताया जा रहा है कि फाटक पर बगल में खड़े कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ उनका किसी बात को लेकर वाद-विवाद हो गया।

झूमाझटकी के बाद भागने के दौरान हुआ हादसा
मीडिया द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या कुछ लोग मारने के लिए युवक के पीछे दौड़े थे, पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वाद-विवाद के दौरान वहां झूमाझटकी की स्थिति बन गई थी। इसी अफरा-तफरी और बचने के लिए भागने के दौरान युवक ट्रैक पर आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

पुलिस जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने इस घटना के संबंध में मर्ग पंजीबद्ध कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से जुड़े सभी संबंधित तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।