आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिले की मझौली थाना पुलिस ने 30 करोड़ रुपए का लोन दिलाने का झांसा देकर 54 लाख 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी सचिन पिल्लई को जबलपुर के सदर कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आज आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी बृजेश तिवारी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
क्या है पूरा मामला-
मझौली निवासी 47 वर्षीय नरेन्द्र सिंह परिहार (जो कि 'साईं शक्ति महिला डेवलपमेंट सोसायटी' के डायरेक्टर हैं) को अपनी कंपनी के लिए पैसों की आवश्यकता थी। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी बृजेश तिवारी और सचिन पिल्लई ने उन्हें मुंबई के गोरेगांव स्थित 'ए.टी. फिनवेस्ट प्राइवेट लिमिटेड' से कम ब्याज दर पर 30 करोड़ रुपए का लोन दिलाने का झांसा दिया। लोन पास कराने के नाम पर दोनों आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस और स्टाम्प ड्यूटी का हवाला देकर पीड़ित से 54 लाख 40 हजार रुपये ऐंठ लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो लोन दिलाया और न ही पैसे वापस किए।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित की शिकायत पर थाना मझौली पुलिस ने धोखाधड़ी (धारा 420) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में आरोपी बृजेश तिवारी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि सचिन पिल्लई फरार चल रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कल मुख्य आरोपी सचिन पिल्लई को जबलपुर के सदर कैंट इलाके से धर दबोचा।
Continue With Google
Comments (0)