आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शांति नगर (गली नंबर 6) में एक बेहद दुस्साहसिक मामला सामने आया है। कथित चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे सामान ले जाने के लिए बाकायदा ठेला लेकर पहुंचे और दुकान का ताला तोड़कर लाखों का माल समेट कर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
पीड़ित मकान मालिक अभिषेक गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान उनके ही मकान में संचालित होती है। बीती रात करीब 2 बजे एक युवक बेखौफ होकर ठेला लेकर आया। मुंह पर कपड़ा बांधे उक्त युवक ने अभिषेक गुप्ता की कंप्यूटर दुकान का शटर का ताला तोड़ा और दुकान के अंदर रखे कीमती कंप्यूटर पार्ट्स व अन्य सामान ठेले पर लाद लिया।
पीछा करने पर लहराया खतरनाक चाकू
घटना की आहट पाकर जब मकान मालिक की नींद खुली, तो उन्होंने तुरंत उक्त युवक का पीछा किया। खुद को घिरता देख युवक ने बचने और डराने के लिए अपनी जेब से एक खतरनाक बटनदार चाकू निकाल लिया। आरोपी हवा में चाकू लहराते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए ठेला लेकर मौके से फरार हो गया।
चांडाल भाटा क्षेत्र का बताया जा रहा है आरोपी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी चांडाल भाटा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद से इलाके के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
थाने पहुंचे पीड़ित
वारदात के बाद पीड़ित अभिषेक गुप्ता गोहलपुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करा रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
Continue With Google
Comments (0)