आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार से आ रही एक इलेक्ट्रिक (ईवी) कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बुजुर्ग कार के नीचे फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घबराया चालक कार को चालू हालत में ही मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

कलेक्ट्रेट चौराहे के पास अनियंत्रित हुई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार देर रात शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव काफी कम था। इसी दौरान कलेक्ट्रेट चौराहे के पास से गुजर रही ईवी कार (क्रमांक MP 20 ZZ 5100) की रफ्तार काफी तेज थी। अत्यधिक गति होने के कारण चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पैदल जा रहे बुजुर्ग को चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बुजुर्ग कार के नीचे दब गए।

भीड़ जुटती देख भागा चालक, बुजुर्ग की हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल की ओर दौड़ी। लोगों को अपनी तरफ आता देख कार चालक घबरा गया और वाहन को चालू हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को कार के नीचे से निकाला और एंबुलेंस व निजी वाहन की सहायता से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम बुजुर्ग का उपचार कर रही है, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

वाहन जब्त, सीसीटीवी खंगाल रही ओमती पुलिस
सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। थाना प्रभारी ओमती ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ईवी कार को कब्जे में ले लिया गया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। साथ ही, आरोपी का सुराग लगाने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।