आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत आठ से नौ माह की गर्भवती 29 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने दो कथित नर्सों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (धारा 105 बीएनएस) का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि वैध डिग्री न होने के बावजूद दोनों ने खुद को नर्स बताकर निजी कमरे में प्रसव व इलाज करने का जोखिम उठाया, जिससे युवती की हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह मामला 25 अप्रैल को दर्ज मर्ग से जुड़ा है। मर्ग जांच और परिजनों के बयानों में सामने आया कि मृतका की मां उसे पहले साईं अस्पताल लेकर गई थीं, लेकिन वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। इस दौरान अस्पताल में मौजूद कथित नर्सों ने निजी स्तर पर गुप्त रूप से डिलीवरी कराने का आश्वासन दिया।

जांच के मुताबिक, एक दिन पहले युवती को उल्टी-दस्त शुरू होने पर फोन पर संपर्क कर उसे इलाज और डिलीवरी के लिए निजी कमरे पर बुलाया गया। वहां आरोपियों ने गोलियां, दवाइयां और ड्रिप (बोतल) चढ़ाई, लेकिन उनसे केस संभल नहीं सका और युवती की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। गंभीर हालत में उसे सिटी अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस पड़ताल में यह भी खुलासा हुआ कि साईं अस्पताल में सहायिका के रूप में काम करने वाली इन दोनों महिलाओं के पास नर्सिंग की कोई वैध डिग्री नहीं थी। इसके बावजूद गंभीर खतरे की जानकारी होते हुए भी उन्होंने निजी तौर पर डिलीवरी कराने का बड़ा जोखिम उठाया। मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी नेहा जौहरी और ललिता पिल्ले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के आधार तैयार किए जा रहे हैं और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।