आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मध्य प्रदेश स्टेट बार कौंसिल के प्रतिनिधिमंडल ने आज मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य न्यायाधिपति का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया और अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर उनका ध्यान आकर्षित कराया।

मुलाकात के दौरान स्टेट बार के सदस्यों ने अधिवक्ताओं के हित, कार्यप्रणाली में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों, स्टेट बार कौंसिल की निर्माणाधीन/प्रस्तावित बिल्डिंग तथा जिला न्यायालय जबलपुर परिसर स्थित अपूर्ण ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने का विशेष अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि ऑडिटोरियम का कार्य पूर्ण होने से वकीलों और न्यायिक गतिविधियों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इस अवसर पर स्टेट बार काउंसिल के पूर्व वाइस चेयरमैन श्री एडवोकेट आर. के. सिंह सैनी, एडवोकेट नवीन शुक्ला एवं एडवोकेट नित्यानंद मिश्रा सहित उनके अनेक साथी अधिवक्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। चीफ जस्टिस ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को अत्यंत संवेदनशीलता से सुना और इन सभी विषयों व लंबित कार्यों पर जल्द से जल्द आवश्यक एवं प्रभावी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।