आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में इन दिनों पत्रों की चर्चाएं राष्ट्रीय स्तर पर हैं।अव्यवस्थाओं की पोल खोलते पत्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की नाक में दम कर दिया है। अब विश्वविद्यालय के सबसे महत्वपूर्ण विभाग से निकले एक पत्र ने पूरे कैंपस में हडंकप मचा दिया है।

दरअसल,गोपनीय विभाग स्थित मॉडरेशन सेल में आवश्यक संसाधनों की कमी को लेकर कर्मचारियों ने काम करने में असमर्थता जताते हुए सामूहिक स्थानांतरण की मांग की है। 16 नवंबर को कुलसचिव को लिखे गए पत्र में कर्मचारियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं।  
कर्मचारियों के पत्र के अनुसार, गोपनीय विभाग के मॉडरेशन सेल द्वारा स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र निर्माण का कार्य किया जाता है।

कर्मचारियों का कहना है कि बीते वर्षों में कभी भी प्रश्न-पत्र निर्माण से जुड़ी आवश्यक सामग्री का अभाव नहीं रहा, लेकिन वर्तमान में विश्वविद्यालय की प्रशासनिक अक्षमताओं के चलते कार्टेज, पेपर, फोटोकॉपी मशीन और अन्य जरूरी सामग्रियों के लिए उच्च अधिकारियों के समक्ष ‘चिरोरी’करनी पड़ रही है।  

समय पर पेपर निर्माण असंभव, उच्च अधिकारियों की बताई जवाबदेही
दरअसल,एग्जाम को लेकर विश्वविद्यालय का रिकार्ड काफी खराब चल रहा है। बीता सत्र शैक्षेणिक केलैंडर से करीब छह माह पीछे चल रहा है। जब भी अधिकारियों पर बात आती है तो वो अपना पल्ला झाड़ कभी जनगणना डूयूटी तो कभी कर्मचारियों के अवकाश को बहाना बना अपनी गर्दन बचाते हैं। लेकिन अब पत्र से स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन के अधिकारी आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध कराने में अक्षम हैं, जिसके कारण समय पर प्रश्न-पत्र निर्माण से संबंधित कार्य होना असंभव है। कर्मचारियों ने यह भी चेताया है कि इसकी संपूर्ण जवाबदेही उच्च अधिकारियों की होगी।  

अनान-फानन में बिना टेंडर खरीदी की तैयारी -
कर्मचारियों के हाथ खड़े करने के बाद हरकत में RDVV प्रशासन ने आनन-फानन में पेपर खरीदी की तैयारी कर ली। सूत्रों की मानें तो अब बिना टेंडर कलेक्ट्रेट रेत पर कागज खरीदने की तैयारी है। इस मामले में कुलगुरु कार्यालय से मिले मार्गदर्शन के बाद कुलसचिव कार्यालय ने आदेश तैयार कर लिया है।