आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलहापुरा वार्ड क्रमांक-9 में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। चूल्हे से निकली चिंगारी ने कच्चे मकान में आग लगा दी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में छोटे और संकरे कमरे में फंसी 45 वर्षीय महिला पूजा कोल बाहर नहीं निकल सकीं और आग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा-
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा कोल के पति बंटी कोल मजदूरी करते हैं, जबकि पूजा स्वयं भी कबाड़ बीनकर परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग करती थीं। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बंटी घर लौटे थे और खाना खाने के बाद बाहर चले गए। इसी दौरान पूजा घर के चूल्हे पर खाना बना रही थीं। बताया जा रहा है कि अचानक चूल्हे की आग पास रखे कपड़ों तक पहुंच गई, जिससे कपड़ों ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में पूरा कच्चा मकान लपटों से घिर गया।

संकरे कमरे से बाहर नहीं निकल सकीं
आग फैलते ही कमरा आग और घने धुएं से भर गया। हादसा देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। कमरा छोटा और संकरा होने के कारण पूजा बाहर नहीं निकल सकीं और अंदर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

केबल के कारण दमकल पहुंचने में हुई देरी
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन घनी बस्ती और संकरे रास्ते में नीचे लटक रही बिजली की केबल के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से केबल को ऊपर उठवाया गया, जिसके बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंच सका। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।