आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मोहनीया के पास शराब पीने के लिए पैसे न देने पर हॉक फोर्स में पदस्थ जवान पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बालाघाट में हॉक फोर्स में पदस्थ कुलदीप रावत ने 20 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोहनीया के पास इंद्रजीत कुशवाहा और गौरव कुशवाहा ने उनसे अवैध रूप से शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की। जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों—इंद्रजीत कुशवाहा और गौरव कुशवाहा—को तत्काल अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।