आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ पुलिस आरक्षक द्वारा कथित मारपीट किए जाने और मोबाइल छीनने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के चार घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर दर्ज न होने और घायल अधिवक्ता का मुलायजा (मेडिकल परीक्षण) न कराए जाने से अधिवक्ता भड़क गए। जिसके बाद मौके पर पहुंचे जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो मौके पर ही धरना शुरू किया जाएगा और न्यायालय परिसर में पुलिस के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी। हंगामा रात ढाई बजे तक चलता रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर तालाब के पास कब्बाली चल रही थी, जिसके चलते मार्ग डायवर्ट किया गया था। बताया जाता है कि किसी काम से कार से वहां पहुंचे। बताया जाता है कि अधिवक्ता देवेंद्र नाथ पंकज और मौके पर तैनात कैंट थाना में पदस्थ आरक्षक भूपेंद्र पटेल का वाहन निकालने को लेकर विवाद हो गया। अधिवक्ता का आरोप था कि आरक्षक ने वाहन रोककर अभद्रता एवं मारपीट की। अधिवक्ता पक्ष का कहना था कि विवाद के दौरान जब अधिवक्ता ने घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की, तो आगे जाकर कथित तौर पर उनका वाहन रोका गया और कांच खोलते समय मारपीट की गई, जिससे उनकी नाक से खून निकल आया। आरोप है कि कॉलर पकड़कर बाहर निकालते हुए मारपीट की गई और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला अधिवक्ता संघ, जबलपुर के सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंचे। सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि घटना के चार घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई अधिकृत अधिकारी एफआईआर दर्ज करने के लिए आगे नहीं आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टाल रहे हैं और छोटे अधिकारी बड़े अधिकारियों से निर्देश लेने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। अधिवक्ता संघ ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी आरक्षक अधिवक्ता का मोबाइल लेकर गायब है और अब तक थाने नहीं पहुंचा है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार सूचना मिलते ही एफआईआर दर्ज कर तत्काल मुलायजा कराया जाना चाहिए, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई में देरी की जा रही है। फिलहाल मामले में पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
Continue With Google
Comments (0)