आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। नशीले पदार्थों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जबलपुर पुलिस और गोसलपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हाईवे पर कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध ट्रक से करीब 871 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
  
​उड़ीसा से लाया जा रहा था गांजे की खेप
​एस पी संपत उपाध्याय ने बताया कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बड़े वाहन में मादक पदार्थ (गांजा) लेकर तस्करी की जा रही है।  
​सूचना मिलते ही गोसलपुर थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और हाईवे के आसपास के थानों की टीमों को अलर्ट किया गया। घेराबंदी कर गोसलपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध ट्रक को रोका गया। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें बोरियों में भरकर रखा गया लगभग 871 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह माल उड़ीसा की तरफ से लाया जा रहा था।  

​दो आरोपी गिरफ्तार, 5 दिन की पुलिस रिमांड
​पुलिस ने मौके से ट्रक में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। विक्रम – निवासी पश्चिम बंगाल (ट्रक का मालिक) है। वहीं धर्मवीर – निवासी उत्तर प्रदेश जिसका पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिनों की पुलिस रिमांड ली है।  

​पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की यह बड़ी खेप किसे सप्लाई की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन से मुख्य सरगना (मास्टरमाइंड) शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और भी गिरफ्तारियां और कार्रवाई की जाएगी।