आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी तहसील परिसर में एक महिला के साथ हुई कथित अभद्रता और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर अखंड ब्राह्मण महासभा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी और शिकायत पत्र के अनुसार, 31 अक्टूबर को रंजना दुबे अपने पति के साथ किसी कार्य से रांझी तहसील गई थीं। आरोप है कि वहां वकील राजेन्द्र मिश्रा द्वारा उनके साथ सार्वजनिक स्थान पर कथित अभद्र व्यवहार किया गया और अपशब्दों का प्रयोग किया गया। इसके अलावा, इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे महिला की ख्यात और गरिमा को ठेस पहुंची है।
अखंड ब्राह्मण महासभा ने सौंपा ज्ञापन
3 नवंबर को अखंड ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रुद्रनाथ शुक्ला के नेतृत्व में रांझी थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक (जबलपुर) के नाम ज्ञापन सौंपा गया। महासभा का कहना है कि किसी महिला का सार्वजनिक स्थान पर अपमान करना और वीडियो बनाकर उसे बदनाम करना एक गंभीर अपराध है। संगठन ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दोषी के विरुद्ध कड़ी संवैधानिक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि कुछ दिन पहले रंजना दुबे और एडवोकेट राजेन्द्र मिश्रा के बीच बहस का वीडियो सामने आया था। रंजना दुबे की ओर से अभद्रता और वीडियो वायरल करने संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसे जांच में लिया गया है। वहीं दूसरी ओर, एडवोकेट फोरम के माध्यम से राजेन्द्र मिश्रा पक्ष द्वारा भी निष्पक्ष जांच हेतु ज्ञापन दिया गया है। इसके अतिरिक्त, आज ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने भी महिला के समर्थन में ज्ञापन दिया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और सभी पक्षों के तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google
Comments (0)