आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र स्थित ट्रिपल आईटीडीएम (IIITDM) कॉलेज परिसर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कॉलेज के हॉस्टल में रह रही तीसरे वर्ष की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत छात्रा की पहचान वैष्णवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तेलंगाना के वारंगल की रहने वाली थी।
सुरक्षा गार्ड इंचार्ज ने दी पुलिस को सूचना
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि कॉलेज के सुरक्षा गार्ड इंचार्ज द्वारा खमरिया थाने को सूचना दी गई थी कि छात्रा वैष्णवी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। सुसाइड नोट नहीं मिला, तलाश जारी
घटनास्थल से फिलहाल पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस की टीम छात्रा के कमरे की गहनता से तलाशी ले रही है और उसके साथियों व परिजनों से संपर्क कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आगे की स्थिति साफ हो सकेगी।
Continue With Google
Comments (0)