आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी तहसील कार्यालय में हुए विवाद और राजनीतिक सरगर्मियों के बाद अब अधिवक्ताओं का दल भी रविवार की शाम पुलिस थाने पहुंचा। 'लॉयर्स फोरम रांझी' के बैनर तले थाने पहुंचे वकीलों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। लॉयर्स फोरम के सीपी सिंह एडवोकेट और देवराज चौधरी एडवोकेट ने मीडिया से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि रंजना दुबे नामक महिला अक्सर तहसील कार्यालय और SDM कार्यालय में राजनीतिक दबाव बनाकर प्रशासनिक कार्य कराने का प्रयास करती है। अधिवक्ताओं के अनुसार, 30 तारीख को जब अधिवक्ता राजेंद्र मिश्रा ने इसका विरोध किया, तो रंजना दुबे द्वारा उनके साथ अभद्रता और विवाद किया गया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि इसके बाद महिला ने रांझी थाने में अधिवक्ता राजेंद्र मिश्रा के खिलाफ हत्या कराने, गाली-गलौज, हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देने और अश्लील इशारे करने जैसे गंभीर लेकिन झूठे व तथ्यहीन आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर भी भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज और निष्पक्ष जांच की मांग
लॉयर्स फोरम ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि तहसील कार्यालय रांझी में हुए घटनाक्रम के मूल सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage), प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाए। किसी भी राजनीतिक या बाहरी दबाव में आकर एकपक्षीय अथवा जल्दबाजी में कार्रवाई न की जाए। जांच में शिकायत असत्य पाए जाने पर झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ न्यायालय के आदेशानुसार (धारा 182, 211, 195 के तहत) सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
पुलिस का आश्वासन
मामले पर रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि रांझी अधिवक्ता संघ/लॉयर्स फोरम द्वारा ज्ञापन सौंपा गया है। पुलिस बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच करेगी और सीसीटीवी फुटेज तथा मौके पर मौजूद लोगों के कथनों का सही तरीके से परीक्षण कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
इस दौरान लॉयर्स फोरम रांझी के कोर कमेटी सदस्य सीपी सिंह, मनोज यादव, विनोद चौधरी, सुमित सेनगुप्ता, देवराज चौधरी, मुकेश कुशवाहा, आत्माराम लखेरा, पुष्पराज पांडे, पुष्पराज तिवारी, संतोष दुबे, नरेंद्र तिवारी, महेंद्र गुप्ता, धर्मेंद्र पटेल, घनश्याम तिवारी, शिव मोहन सिंह बघेल, अजय पटेल, सौरभ यादव, अजय गुप्ता, माधुरी साकेत, ममता पटेल, निशा यादव, दुर्गा सिंह, प्रमोद विश्वकर्मा और देवेंद्र खरे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)