आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट रोड स्थित बंजारी माता मोड़ पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान स्कॉर्पियो में चार युवक और दो युवतियां सवार थे, जो डुमना एयरपोर्ट घूमने जा रहे थे। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी छह लोगों को मामूली चोटें आईं और बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि बंजारी माता मोड़ के पास अचानक स्कॉर्पियो का अगला टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।