आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शनिवार को रांझी क्षेत्र के तीन प्रमुख प्रतिष्ठानों—न्यू बप्पा स्वीट्स, गांधी स्वीट्स एवं बीकानेर स्वीट्स—का औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान एक दुकान के कारखाने में भारी गंदगी मिलने पर सड़ी हुई सब्जियां मौके पर ही नष्ट कराई गईं, वहीं सभी प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान न्यू बप्पा स्वीट्स के कारखाने में साफ-सफाई बिल्कुल नहीं पाई गई। स्टोर रूम की जांच करने पर वहां भारी मात्रा में सड़ा हुआ अदरक और गोभी रखा हुआ मिला, जिस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए लगभग 3 किलो अदरक और 15 किलो गोभी को मौके पर ही नष्ट कराया गया। साफ-सफाई के घोर अभाव और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर न्यू बप्पा स्वीट्स के संचालक को धारा 32 का नोटिस दिया जा रहा है।
अधिकारियों ने इस दौरान तीनों प्रतिष्ठानों से कई तरह की खाद्य सामग्रियों के सैंपल भी सीज किए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, न्यू बप्पा स्वीट्स से ड्राई फ्रूट बर्फी, खोवा बर्फी, केशर पेड़ा और कलाकंद के नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा गांधी स्वीट्स से कराची हलुआ, पतिसा एवं चकली के तथा बीकानेर स्वीट्स से कलाकंद, केशर पेड़ा और पतिसा के सैंपल जांच हेतु एकत्रित किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सभी जप्तशुदा नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Jabalpur News: रांझी में खाद्य सुरक्षा विभाग का तीन प्रसिद्ध मिठाई दुकानों पर छापा, न्यू बप्पा स्वीट्स में मिली सड़ी सब्जियां, लिए गए सैंपल
Continue With Google
Comments (0)